शिवपुरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को सर्किल जेल शिवपुरी एवं इसके अधीनस्थ आने वाली जिला व सब जेलों में भावुक वातावरण देखने को मिला। मध्य प्रदेश शासन, जेल विभाग के निर्देशों के अनुक्रम में आज जेलों में निरुद्ध बंदियों की उनकी बहनों एवं माताओं से प्रत्यक्ष (खुली) मुलाकात कराई गई, जहाँ बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य और शीघ्र रिहाई की कामना की।

सर्किल जेल शिवपुरी के जेल अधीक्षक विदित सिरवैया ने बताया कि जेल मुख्यालय, भोपाल के दिशानिर्देशों के तहत सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। जेल अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से पूरी सतर्कता बरतते हुए परिजनों की निरंतर तलाशी ली गई तथा पूरी सुरक्षा के साथ प्रत्यक्ष मुलाकात संपन्न कराई गई। मुलाकात के उपरांत सभी जेलों में लॉकअप का मिलान कर लॉकअप बंद किया गया और पूरे सर्किल में शांतिपूर्ण माहौल रहा।

सर्किल की कुल 9 जेलों (1 सर्किल जेल, 3 जिला जेल और 5 सब जेल) में कुल 992 बंदियों से माताओं एवं बहनों ने मुलाकात की। जिनमें शिवपुरी की 9 महिला बंदी भी शामिल हैं। सर्किल जेल शिवपुरी में 272 बंदियों (9 महिला बंदियों सहित) से 1,088 परिजनों ने, जिला जेल गुना में 248 बंदियों से 670 परिजनों ने, जिला जेल अशोकनगर में 177 बंदियों से 453 परिजनों ने, जिला जेल श्योपुर में 37 बंदियों

से 101 परिजनों ने, सब जेल पोहरी में 21 बंदियों से 34 परिजनों ने, सब जेल कोलारस में 13 बंदियों से 27 परिजनों ने, सब जेल पिछोर में 86 बंदियों से 197 परिजनों ने, सब जेल करैरा में 98 बंदियों से 303 परिजनों ने तथा सब जेल चांचौड़ा में 40 बंदियों से 127 परिजनों ने मुलाकात की।

