◆करेरा के टीला रोड की घटना में देवर देवरानी भी बने आरोपी
करेरा। टीला रोड़ पर बीती रात एक पति ने अपनी पत्नी को गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद उसने अपने साले को फोन पर सूचना देकर पूरी घटना बताई। पुलिस ने इस मामले में पति को तो गिरफ्तार कर ही लिया, मृतका के देवर और देवरानी भी इस मामले में आरोपी बने है।

नंदनी साहू की शादी 5 साल पूर्व टीला रोड निवासी संदीप साहू से हुई थी। इनके पास 4 साल का एक बेटा भी है। नंदनी अपने मोबाइल पर किसी से लंबी बातें करती थी, जिसके चलते संदीप उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात पर दोनों के बीच आए दिन विवाद भी होता रहता था। ऐसे ही एक दिन नंदनी को जब मोबाइल पर बात करते संदीप ने सुना तो उसने उसका मोबाइल तोड़ दिया। जिसकी सूचना जब नंदनी के परिजनों को लगी, तो उन्होंने दोनों को समझाया।

बीते शनिवार की देर शाम नंदनी अपने पति का घर छोड़कर जाने की तैयारी कर रही थी। इसी बात पर दोनों के बीच फिर झगड़ा हो गया, तथा नंदनी ने इस दौरान संदीप के थप्पड़ भी जड़ दिया। मामला शांत होने की बजाए इतना अधिक बढ़ गया कि संदीप ने घर के अंदर ही नंदनी का गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद संदीप ने अपने ससुरालियों को सूचना दी, तथा

पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि मृतका एवं उसके पति के शरीर में दांतों से काटने व नोचने के निशान थे। पुलिस ने इस मामले में संदीप के अलावा उसके छोटे भाई व उसकी पत्नी को भी संदिग्ध मानकर उठा लिया। इस घटनाक्रम से असमंजस में तो वो 4 साल का मासूम है, जिसकी मां को उसके पिता ने मार दिया, और पिता को पुलिस ले गई।
