करैरा। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। इसी क्रम में नरवर तहसील के ग्राम अंदौरा में एसडीएम अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए रेत उत्खनन में प्रयुक्त पनडुब्बी मशीन को मौके पर ही जलाकर नष्ट कर दिया गया, जबकि करैरा में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जप्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अंदौरा के नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अनुराग निंगवाल ने तहसीलदार ललित शर्मा एवं राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान नदी में पनडुब्बी मशीन के माध्यम से अवैध रूप से रेत निकासी की जा रही थी।प्रशासनिक टीम ने तत्काल मशीन को जब्त कर मौके पर ही जलाकर नष्ट कर दिया।

अधिकारियों ने मौके पर ही स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

इधर, करैरा तहसील में भी प्रशासन ने समानांतर कार्रवाई करते हुए थनरा चौकी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। एसडीएम अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में तहसीलदार एवं पटवारी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर ट्रैक्टर को मौके पर ही जप्त कर लिया। ट्रैक्टर को दिनारा थाना अंतर्गत थनरा चौकी में पुलिस अभिरक्षा में रखवाया गया है।

एसडीएम अनुराग निंगवाल ने कहा कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए अब सख्त कार्रवाई का सिलसिला शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।
