बदरवास। जुए में 2.50 लाख रुपए हारने के बाद एक युवक ने खुद को बचाने के लिए लूट की झूठी कहानी रच दी। युवक फोरलेन हाईवे के बरखेड़ा तिराहे पर बेहोशी की हालत में मिला था। पुलिस जांच में मामला संदिग्ध लगा तो सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने सच्चाई बता दी।

जानकारी के अनुसार ग्राम इमलावदी निवासी मुकेश बैरागी (35) जुए में 2.50 लाख रुपए हार गया था। नुकसान छिपाने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी बना ली। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे वह बदरवास थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे स्थित बरखेड़ा तिराहे पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए बदरवास अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर युवक ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने पेट्रोल मांगने के बहाने उसे रोका, मारपीट की और उसके पास रखे 2.50 लाख रुपए और सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए।हालांकि पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान युवक टूट गया और उसने बताया कि वह जुए में रकम हार गया था। परिवार से बचने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी और बेहोशी का नाटक किया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के खिलाफ झूठी सूचना देने पर कार्रवाई की जा सकती है।
