◆अपना बर्चस्व बनाने के लिए किया हंगामा ,cctv की DVR भी ले गए, 10 पर FIR
शिवपुरी | जिले के सिकंदरा आरटीओ चेक पॉइंट पर बुधवार की आधी रात को जो हुआ, उसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चंदावरा सरपंच के देवर और उसके साथियों ने मिलकर न केवल एक महिला अधिकारी के साथ मारपीट की, बल्कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाते हुए लूटपाट को भी अंजाम दिया।

आधी रात को ‘सिस्टम’ पर हमला
घटना रात करीब 11:15 से 12:15 के बीच की है। दिनारा थाना क्षेत्र के उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर स्थित सिकंदरा चेक पॉइंट पर अचानक 10 हमलावर आ धमके। इनमें मुख्य रूप से सरपंच का देवर अनिल उर्फ बल्लू यादव और उसके चचेरे भाई शामिल थे।
महिला प्रभारी से मारपीट: हमलावर सीधे प्रभारी सुमन दीक्षित के कमरे में घुसे और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।

लूट और तोड़फोड़: बदमाशों ने कमरे में रखी एलईडी टीवी और अन्य सामान तोड़ दिया। इतना ही नहीं, वे 12 हजार रुपये कैश लूट ले गए।
सबूत मिटाने की कोशिश: शातिर बदमाशों ने 4 सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और पहचान छुपाने के लिए डीवीआर (DVR) भी उखाड़ कर साथ ले गए।
हमलावरों की कुंडली: सत्ता और रसूख का नशा?
पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद और 2 अज्ञात (कुल 10) लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
”प्राइवेट लोग बैरियर को कैप्चर करना चाहते हैं। 21 मार्च को भी मुझे धमकी दी गई थी कि उनके लड़के बैरियर पर काम पर रखो, वरना काम नहीं चलने देंगे।”
— सुमन दीक्षित, चेक पॉइंट प्रभारी

घटना की सूचना मिलते ही करैरा एसडीओपी (IPS) आयुष जाखड़ मौके पर पहुँचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, लूट और महिला संबंधी अपराधों के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
