◆“स्कूल चलें हम अभियान 2026-27” के अंतर्गत आयोजित “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण
करैरा।करैरा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक विद्यालय नारई में ‘स्कूल चले अभियान’ के तहत प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उत्साह और प्रेरणा के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम करैरा अनुराग निंगवाल रहे, जिनकी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर करैरा बीईओ मुकेश शर्मा,लायंस क्लब के डॉ बृजेश अग्रवाल ,साहित्यकार सतीश श्रीवास्तव,प्रमोद भारती,प्रधानाध्यापक पंकज श्रीवास्तव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ

मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब एसडीएम अनुराग निंगवाल स्वयं बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा में जाकर बोर्ड पर अपने हाथों से विश्व का नक्शा बनाना शुरू किया और उसी के माध्यम से बच्चों को दुनिया के महाद्वीपों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का सरल भाषा में उदाहरण देते हुए ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव

के बारे में बच्चों को समझाया तथा स्टेट ऑफ़ हॉर्मुज के महत्व का भी उल्लेख किया। बच्चों के लिए यह अनुभव बेहद रोचक और ज्ञानवर्धक रहा, क्योंकि प्रशासनिक अधिकारी को शिक्षक की भूमिका में पढ़ाते देख छात्र-छात्राएँ काफी उत्साहित हो गए और बार-बार तालियों से उनका उत्साहवर्धन करते रहे। कार्यक्रम में एसडीएम निंगवाल ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्कूल आने, शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति मानने और अपने लक्ष्य तय करके आगे बढ़ने का एवं मोबाइल छोड़ बड़े बुजुर्गों के साथ नियमित बैठकर ज्ञान प्राप्त करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के माध्यम से ही

बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और समाज तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों ने भी बच्चों को प्रवेश उत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। एसडीएम सहित विधालय में पधारे समस्त अतिथियों शिक्षकों द्वारा एक साथ बैठकर भोजन भी किया गया । इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और विद्यार्थियों के चेहरों पर नई ऊर्जा और प्रेरणा साफ दिखाई दी।
