◆दतिया में वार्ड 1 से पार्षद था मृतक,सुबह घूमने के दौरान गोलीबारी
दतिया|। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में दिनदहाड़े हुई हत्या से सनसनी फैल गई है। हत्या बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की हुई है। मंगलवार की सुबह सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर वार्ड नंबर-एक के पार्षद की गोली मारकर हत्या हुई है। घटना सुबह साढ़े आठ बजे की घटी है। इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कल्लू कुशवाहा रोजाना की तरह सुबह चौराहे पर मौजूद थे। तभी अचानक हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दतिया जिले की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वारदात के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की जा रही है।गौरतलब है कि मृतक कल्लू कुशवाहा खुद एक हत्या के मामले में दोषी थे।

कल्लू कुशवाहा को पूर्व पार्षद बालकिशन कुशवाहा की हत्या के मामले में दतिया न्यायालय ने आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई थी। उम्रकैद की सजा होने के बाद कल्लू कुशवाहा को करीब 4 महीने पहले ही जमानत मिली थी, जिसके बाद वे जेल से बाहर आए थे।
