संविधान दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित; प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

0 minutes, 0 seconds Read
0Shares

 

शिवपुरी। संविधान दिवस के अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शिवपुरी में गुरुवार को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस समारोह का उद्देश्य नागरिकों और युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, आदर्शों तथा लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन के माध्यम से संविधान निर्माण की प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान निर्माताओं के योगदान से अवगत कराया गया।

करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकार किया गया था। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, बल्कि नागरिकों के मौलिक अधिकारों, परस्पर सम्मान और राष्ट्र को आगे बढ़ाने की दिशा प्रदान करता है तथा आवश्यकता पड़ने पर संवैधानिक मर्यादा के भीतर संसद में विचार-विमर्श से संशोधन भी किए जाते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव ने कहा कि स्वतंत्रता को स्थायी बनाए रखने के लिए सुदृढ़ संविधान आवश्यक था, जिसे लगभग 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन के परिश्रम से तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि विविध भाषाओं, संस्कृतियों और वर्गों वाले भारत को एकता के सूत्र में पिरोने तथा समानता व महिला सशक्तिकरण को महत्व देने का कार्य संविधान ने किया, साथ ही वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत होने का उल्लेख किया।

 जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और दूरदर्शिता ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान से मिले समान अधिकारों व अवसरों के कारण महिलाएं शिक्षा प्राप्त कर हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान एलएलबी फाइनल ईयर की छात्रा मंजरी शर्मा द्वारा भारतीय संविधान की गौरवशाली यात्रा पर तैयार की गई डॉक्यूमेंट्री स्क्रीन पर प्रदर्शित की गई, जिसे सभागार में मौजूद सभी लोगों ने देखा व सराहा। इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से भारतीय संविधान के निर्माण, उसके संवैधानिक महत्व, मूल्यों और ऐतिहासिक योगदान से उपस्थितजनों को विस्तार से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर श्री यूनुस कुरैशी, शिवपुरी एसडीएम श्री आनंद सिंह राजावत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आकाश यादव, सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्री शशांक विरही, मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ.अरविंद भार्गव, पीजी कॉलेज के प्रोफेसर श्री पुनीत कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में उपस्थितजनों ने सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। सभी ने संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखने तथा उसके मूल आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया।

0Shares

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!