पिछोर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 07 अगस्त 2026 से शुरू हुआ है जो 08 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद पंचायत प्रांगण पिछोर में एक भव्य जनसंवाद शिविर का सफल आयोजन किया गया।
पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुँचाना रहा। इसके साथ ही जनसंवाद कर लोगों की समस्याओं को जानना और निराकरण करना है।

शिविर के दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने एक-एक कर आमजन lकी समस्याएँ सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। वहीं शेष समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत आवेदन सौंपते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिली योजनाओं की सौगात*
शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत उमराव कोली को डेयरी योजना में ₹6.08 लाख तथा नातीराजा
गुर्जर को पशुधन क्रेडिट कार्ड योजना में ₹1.98 लाख का स्वीकृति पत्र सौंपा गया। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा नवीन बगीचा स्थापना योजना के तहत सुजान सिंह लोधी एवं श्रीमती रामकुमारी जाटव को ₹40,000-₹40,000 की अनुदान राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन पिछोर के अंतर्गत शेरावाली स्व-सहायता समूह (अध्यक्ष: श्रीमती ममता लोधी) को ₹6,00,000 का चेक वितरित किया गया, तथा जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आहार अनुदान योजना में रमेश आदिवासी, हीरा आदिवासी व रामप्यारी आदिवासी को

लाभान्वित किया गया। अनुग्रह सहायता योजना के तहत पात्र उत्तराधिकारियों श्री भगवानदास आदिवासी, श्रीमती प्रेमबाई पाल, श्री प्रकाश परिहार, श्रीमती सोमवती परिहार, श्रीमती उमा राजा परमार, श्री लालसिंह लोधी, श्री बालकिशन लोधी, सहित अन्य को प्रति हितग्राही ₹2,00,000 की आर्थिक सहायता दी गई। इसी प्रकार, अनुग्रह सहायता (दुर्घटना में मृत्यु) योजना के अंतर्गत श्रीमती कलावती लोधी को ₹4,00,000 की सहायता स्वीकृत हुई। मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर हितलाभ वितरण के तहत श्रीमती कलावती महते, श्रीमती बेनी केवट, श्री मुरारी कारपेंटर (व्हीलचेयर), श्रीमती छोटी बाई आदिवासी (व्हीलचेयर), श्री केदार प्रजापति, श्री राम सिंह लोधी(व्हीलचेयर), श्रीमती फूला परिहार, श्री नाथूराम लोधी, श्रीमती रामकली और श्री कल्लू कोली को कमोड चेयर, पलंग, छड़ी, पट्टा एवं कान की मशीन जैसी सामग्रियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही, सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग द्वारा वितरित की गई ट्राईसाइकिल के हितग्राहियों को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया, वहीं शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाली छात्रा दीप्ति लोधी को ई-स्कूटी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र तथा पी.एच.ई. विभाग द्वारा एफटीके जल परीक्षण किट एवं अन्य शासन की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
