शिवपुरी। अमोला थाना क्षेत्र में लाइसेंसी कम्पोजिट शराब दुकान में तोड़फोड़, शराब लूटने और दुकान में आग लगाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक सरपंच, एक जनपद सदस्य सहित कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर शराब दुकान में घुसकर शराब की बोतलें तोड़ने, दुकान में आग लगाने, दुकान कर्मचारी के साथ मारपीट करने और अश्लील गालियां देने के आरोप हैं। इसके अलावा पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा शासकीय वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप भी हैं।

सरपंच और जनपद सदस्य भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम गणेशखेड़ा के सरपंच छोटेराजा पुत्र भरौसीराम गुर्जर, उम्र 42 वर्ष तथा ग्राम अमोलपठा के जनपद सदस्य दुष्यंत परमार पुत्र वीरसिंह परमार, उम्र 35 वर्ष भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा के मार्गदर्शन में अमोला थाना पुलिस सहित अन्य पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।

कार्रवाई में थाना प्रभारी अमोला उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह सेंगर, थाना प्रभारी सुरवाया उपनिरीक्षक प्रियंका पाराशर, चौकी प्रभारी मगरौनी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, चौकी प्रभारी अमोलपठा अंजली सिंह और चौकी प्रभारी थनरा उपनिरीक्षक अनुराधा सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी चिन्हित किया जा रहा है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
