◆प्रशासन का कड़ा रुख: शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त दंडात्मक कार्रवाई
■जिला प्रशासन की अपील: शासकीय संपत्ति को नुकसान न पहुँचाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें*
*सूचना के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के अनुविभाग करैरा अंतर्गत गत दिवस 10 सितम्बर को ग्राम अमोलपठा (थाना अमोला) में स्थित कम्पोजिट लायसेंसी शराब दुकान पर कुछ ग्रामीणों द्वारा गैरकानूनी रूप से एकत्र होकर तोड़फोड़, मारपीट, आगजनी एवं शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया गया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार इस घटना पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा त्वरित व सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है और सख्त हिदायत दी गई है। इस प्रकार शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त वैधानिक और दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना अमोला में अपराध क्रमांक 0213/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
25 नामजद एवं 50-60 अन्य पर FIR
आपराधिक प्रकरण में छोटेराजा गुर्जर, दुष्यंत परमार, कमल सिंह गुर्जर, दीवान सिंह बघेल, मख्खन नामदेव, राहुल जाटव, शंकर जाटव, अजय जाटव, राहुल खटीक, अज्जू उर्फ अजय बाल्मीक, राहुल बाल्मीक, मुस्कान बाल्मीक, रीना बाल्मीक, राजेश खटीक, धर्मेन्द्र खटीक, ललिता आदिवासी, वकील आदिवासी, दीपक वंशकार, भूरा नामदेव, मलखान जाटव, संजय वंशकार, दीपक मेहतर, कालिया मेहतर, जशरथ जाटव एवं अंशुल जाटव सहित 50-60 अन्य अज्ञात महिला-पुरुषों के विरुद्ध संज्ञेय एवं गैर जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विवेचना की जा रही है। पुलिस व प्रशासन द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए अभी तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।

◆अवैध मदिरा पर सतत कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र में अवैध मदिरा के भण्डारण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार राजस्व, पुलिस और आबकारी के संयुक्त दल द्वारा अभियान चलाकर कार्यवाही जारी है और आगे भी अवैध मदिरा के विरुद्ध जिले में निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला प्रशासन की अपील
इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसलिए जिला प्रशासन द्वारा अपील जारी की गई है कि जिले में अवैध मदिरा भंडारण परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है, इसलिए कोई भी नागरिक शासकीय कार्य में बाधा ना पहुंचाएं शासकीय संपत्ति को क्षतिग्रस्त ना करें,जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो और कोई अप्रिय घटना घटित ना हो।

प्रशासनिक हिदायत एवं निर्देश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने या उपद्रव में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर पर दें सूचना
जिले में अवैध मदिरा भंडारण और विक्रय के संबंध में कोई जानकारी होने पर पुलिस एवं प्रशासन को कोई भी नागरिक सूचना दे सकता है। जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 7987956573 पर सूचना दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त सीधे थाना प्रभारी या अनुविभागीय दंडाधिकारी के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी का प्रसार ना करें
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी का प्रचार प्रसार ना करें। खबर की पुष्टि एवं तथ्यों की जानकारी के साथ ही खबर प्रसारित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति जैसा वातावरण निर्मित ना हो। कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी का प्रसार करने पर आईटी एक्ट एवं अन्य कानून के तहत वैधानिक एवं दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
