●मध्यान्ह भोजन की शिकायत पर जांच के निर्देश
करेरा। करैरा अनुपम शर्मा ने भारी वर्षा के चलते प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने विकासखंड नरवर के ग्राम सूंड़ एवं धमधौली पहुंचकर सिंध नदी के बढ़ते जलस्तर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न परिस्थितियों का निरीक्षण किया।
लगातार बारिश के कारण सिंध नदी उफान पर है, जिसके चलते आवागमन सहित ग्रामीणों के सामने उत्पन्न समस्याओं की जानकारी एसडीएम ने ग्रामीणों से ली। उन्होंने ग्रामीणों से आवागमन मार्ग, राशन वितरण व्यवस्था तथा गांव की अन्य समस्याओं के संबंध में चर्चा की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
एसडीएम श्री शर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को वर्षा एवं नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतत निगरानी रखने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
ग्राम धमधोली में नागरिकों ने मुख्य समस्या, रोड बनवाने एवं विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण आहार में लापरवाही की शिकायत की थी, जिस पर एसडीएम अनुपम शर्मा ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के जी एम को मौका अवलोकन कर रोड डलवाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने एवं मध्यान भोजन हेतु बीआरसी नरवर को निर्देशित कर तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा किसी भी दशा में मध्यान्ह भोजन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिदिन मीनू अनुसार गुणवत्ता युक्त पर्याप्त भोजन बनाया जाए एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस दौरान तहसीलदार नरवर श्री विजय त्यागी, सीईओ जनपद पंचायत नरवर श्री ब्रह्मेंद्र गुप्ता, राजस्व निरीक्षक, पंचायत निरीक्षक, पटवारी, सचिव सहित स्थानीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
