स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री न हो, कलेक्टर श्री वर्मा ने दिए सख्त निर्दे
●नारकोटिक्स एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गठित समिति की बैठक हुई आयोजित
शिवपुरी। में नारकोटिक्स एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गठित समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर
भूटिया सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेषकर युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा जिले में प्रतिबंधित दवाओं व हानिकारक नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाना रहा।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने शैक्षणिक संस्थानों और स्कूलों के आसपास संचालित धूम्रपान व नशीली सामग्रियों की दुकानों को तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों के समीप किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का विक्रय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कम उम्र में बच्चों में पनप रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और विद्यार्थियों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, कलेक्टर श्री वर्मा ने ड्रग इंस्पेक्टर एवं आबकारी अधिकारी को मेडिकल स्टोरों, मदिरा दुकानों तथा हाइवे पर स्थित ढाबों का लगातार निरीक्षण करने के आदेश दिए, ताकि प्रतिबंधित दवाओं और अवैध ड्रग्स की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों का भी समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अंत में, कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर इस अभियान के तहत कड़ी और ठोस कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

