◆सब्जी लेते समय ठेले पर छूट गया था पर्स
करैरा। इमामदार लोग और ईमान आज भी जिंदा है, यह बात करेरा में उस समय चरितार्थ हुई जब एक ग्रामीण सब्जी खरीदते समय 50 हजार रखे पर्स को सब्जी के ठेले पर भूल गया। सब्जी विक्रेता में ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स के मालिक को खोजकर रकम पर्स सहित लौटा दिया।

रेस्ट हाउस के सामने सब्जी का ठेला लगाने वाले लतीफ खान के पास शनिवार रात लगभग 8:20 बजे मनपुरा गांव के मजरा नवलपुरा निवासी जीतेंद्र लोधी पुत्र राम सिंह लोधी सब्जी खरीदने आए सब्जी खरीदने के बाद जल्दबाजी में अपना पर्स जिसमे 50 हजार रुपए थे उसे ठेले पर ही छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद जब लतीफ खान ने ठेले पर रखा पर्स देखा तो उन्होंने उसे तुरंत सुरक्षित कर लिया और उसके मालिक को ढूंढने की कोशिश शुरू कर दी।
लतीफ खान ने इस संबंध में नगर के पत्रकार प्रमोद जैन को सूचना दी। प्रमोद जैन ने पर्स में रखे आधार कार्ड के आधार पर पहचान की प्रक्रिया शुरू की और अपने पत्रकार साथी दुर्ग सिंह लोधी को जानकारी दी। इसके बाद मनपुरा व नवलपुरा गांव में संपर्क किया गया, जहां से पर्स के मालिक की पुष्टि हुई। जीतेंद्र लोधी के पिता से संपर्क कर सूचना दी गई, जिसके बाद स्वयं जीतेंद्र लोधी का फोन आया।
सभी विवरणों की पुष्टि के बाद लतीफ खान ने पर्स को पूरी तरह सुरक्षित, यथावत हालत में उसके मालिक को सौंप दिया। पर्स पाकर जीतेंद्र लोधी भावुक हो गए और उन्होंने लतीफ खान की ईमानदारी की सराहना की।
