◆माताजी के सान्निध्य में महावीर जिनालय में हुआ मंगल आयोजन, 22 नवंबर को सोनागिर में जैनेश्वरी निर्वाण दीक्षा लेंगी पांचों बहनें
करैरा। नगर के न्यू कॉलोनी स्थित श्री दिगंबर जैन महावीर जिनालय में बुधवार को परम पूज्य श्रमणी गणिनी आर्यिका श्री 105 माँ विशा श्री माताजी के पावन सान्निध्य में पांच दीक्षार्थी बहनों का भव्य गोद भराई समारोह श्रद्धा, भक्ति और वात्सल्य के वातावरण में संपन्न हुआ। इस मंगलमय आयोजन में करैरा के सकल दिगंबर जैन समाज ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए पांचों बहनों के वैराग्य भावों की अनुमोदना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत शाम को ढोल-नगाड़ों एवं मंगलमय वातावरण के बीच दीक्षार्थी बहनों को सम्मोहा परिवार के निवास से श्री दिगंबर जैन महावीर जिनालय, न्यू कॉलोनी तक लाया गया। मंदिर परिसर में समाज की महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। इसके बाद विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। समाज की महिलाओं एवं परिवारजनों ने पांचों बहनों की गोद भरकर उनके त्याग, तपस्या और संयम के संकल्प के प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर दीक्षार्थी बहनें बा.आ. प्रखव श्री दीदी, बा.आ. रंगोली दीदी, बा.आ. सोनम दीदी, बा.आ. चेतना दीदी एवं बा.आ. गिरजा दीदी के प्रति उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और अनुमोदना के भाव प्रकट किए। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उत्साह और भावुकता का वातावरण बना रहा। समाज के अनेक परिवारों ने इस पावन अवसर में सहभागी बनकर इसे यादगार बनाया।

उल्लेखनीय है कि आगामी 22 नवंबर 2026 को सिद्धभूमि सोनागिर में परम पूज्य गणिनी आर्यिका माँ विशा श्री माताजी के पावन करकमलों से पांचों दीक्षार्थी बहनों को जैनेश्वरी निर्वाण दीक्षा प्रदादन की जाएगी। इस अवसर को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास है।
आयोजन के माध्यम से समाज ने त्याग, संयम, अहिंसा और आत्मकल्याण के जैन सिद्धांतों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए पांचों बहनों के वैराग्य मार्ग की अनुमोदना की।

