जनकपुर में दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण, हेडपंप के आसपास जलभराव से बीमारी का खतरा

0 minutes, 0 seconds Read
0Shares

समाजसेवी गौ सेवक कल्लू महाराज ने उठाई आवाज, जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

दिनारा (करेरा) दिनारा स्थित अशोक होटल के पास बसे जनकपुर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र के एकमात्र प्रमुख हेडपंप के आसपास लंबे समय से गंदा और दूषित पानी भरा रहने के कारण लोगों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई वर्षों से हेडपंप के आसपास जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जिसके चलते गंदगी और कीचड़ स्थायी रूप से जमा रहती है।

समाजसेवी एवं गौ सेवक कल्लू महाराज ने इस गंभीर समस्या को उठाते हुए कहा कि हेडपंप के चारों ओर भरा दूषित पानी ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष सभी इसी हेडपंप के पानी पर निर्भर हैं। ऐसे में यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया तो क्षेत्र में जलजनित बीमारियों का प्रकोप फैल सकता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार सरपंच एवं संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। लोगों का कहना है कि लगभग एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। हेडपंप के आसपास गंदगी, जलभराव और बदबू के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कल्लू महाराज ने कहा कि जल जीवन का आधार है और स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही हेडपंप क्षेत्र की सफाई, जल निकासी और मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया तो जनकपुर के ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश के विभिन्न क्षेत्रों में दूषित पानी से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़े हैं, उसी प्रकार की स्थिति जनकपुर में भी उत्पन्न न हो, इसके लिए तत्काल कदम उठाना आवश्यक है। ग्रामीणों ने मांग की है कि हेडपंप के आसपास पक्का प्लेटफॉर्म, नाली निर्माण तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कल्लू महाराज ने “पानी के लिए स्वच्छ करो, जीवन बचाओ” अभियान चलाने की अपील करते हुए कहा कि जल केवल मानव जीवन ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं के अस्तित्व का आधार है। उन्होंने कहा कि जल अमृत के समान है और इसकी सुरक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनकपुर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया जाए तथा हेडपंप की स्थिति में तत्काल सुधार कर लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, जिससे संभावित बीमारियों और स्वास्थ्य संकट से बचा जा सके।

0Shares

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!