◆ 110 व्यापारियों ने किया मतदान, सत्येंद्र गुर्जर को मिले 32 मत
करैरा। करैरा व्यापार संघ के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को हुए निर्वाचन में जितेंद्र मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सत्येंद्र गुर्जर को 44 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद हासिल किया। अध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र मिश्रा और सत्येंद्र गुर्जर के बीच सीधा मुकाबला हुआ।

व्यापार संघ के कुल 113 मतदाता थे, जिनमें से 110 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में जितेंद्र मिश्रा को 76 मत, जबकि सत्येंद्र गुर्जर को 32 मत प्राप्त हुए। वहीं दो मत निरस्त किए गए। इस तरह जितेंद्र मिश्रा ने 44 मतों के स्पष्ट अंतर से जीत दर्ज की।

निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गठित निर्वाचन समिति में मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार जैन के साथ दिलीप सिंघल, राजाराम साहू, हरिराम साहू, रामजी गोयल एवं बृजमोहन गुप्ता शामिल रहे। समिति की देखरेख में मतदान से लेकर मतगणना और परिणाम की घोषणा तक पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
निर्वाचन के दौरान करैरा पुलिस प्रशासन का भी भरपूर सहयोग रहा। मतदान एवं मतगणना स्थल पर पुलिस का एक दल पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहा, जिससे व्यवस्था सुचारु बनी रही और प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अध्यक्ष पद पर जितेंद्र मिश्रा के निर्वाचित होने की घोषणा के बाद मौजूद व्यापारियों ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान मिठाई का वितरण भी किया गया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

