सर्व ब्राह्मण समाज ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित, मेधावी विद्यार्थियों से लेकर शासकीय सेवकों तक का हुआ अभिनंदन

0 minutes, 0 seconds Read
0Shares

◆ होटल मातोश्री में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, प्रदेश की उत्कृष्ट रैंक हासिल करने वाली स्मृति, आशिकी, कान्हा और प्रतिष्ठा का विशेष सम्मान

शिवपुरी। सर्व ब्राह्मण समाज शिवपुरी द्वारा समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से होटल मातोश्री, ग्वालियर बायपास पर भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, शासकीय सेवा, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबा नीम करोली के जीवन परिचय पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के संगीतकार साधु तिवारी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चूना खो सरकार महाराज एवं तुलसी आश्रम के संत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास जी महाराज ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि एडीएम शिवपुरी दिनेश चंद्र शुक्ला रहे।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती ऋतु गिरीश चतुर्वेदी, उपखंड अधिकारी आदित्य सांडिल्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विजय तिवारी सहित अन्य गणमान्यजन मंचासीन रहे।

भगवान परशुराम के पूजन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण, पटका पहनाकर, बैज लगाकर एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

समारोह में सर्व ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष भरत शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने समाज की प्रतिभाओं की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ ही समाज के अन्य बच्चों एवं युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

215 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 90 विद्यार्थियों, कक्षा 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 40 विद्यार्थियों, शासकीय सेवाओं में चयनित 39 प्रतिभाओं, शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त 25 कर्मचारियों तथा JEE, NEET, खेल एवं अन्य विधाओं में उपलब्धियां हासिल करने वाली 21 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

सभी प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, पटका एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रदेश में उत्कृष्ट रैंक हासिल करने वाली प्रतिभाओं का विशेष सम्मान

समारोह में कक्षा 10वीं में मध्यप्रदेश में 9वीं रैंक हासिल करने वाली स्मृति पाण्डेय एवं आशिकी शर्मा का विशेष सम्मान किया गया। वहीं कक्षा 12वीं में मध्यप्रदेश में तीसरी रैंक हासिल करने वाले कान्हा शर्मा तथा पांचवीं रैंक प्राप्त करने वाली प्रतिष्ठा गौड़ को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इन मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विनीत शर्मा ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी, जबकि रौनक शर्मा ने महाभारत आधारित नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों की खूब सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साधु तिवारी ने अपने द्वारा लिखित एवं स्वरबद्ध भजन “जब जिद पर आ गई पार्वती, समझाने पहुंचे सप्त ऋषि” की लाइव प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने समारोह को भक्तिमय बना दिया और उपस्थितजनों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

अतिथियों एवं प्रतिभाओं का किया गया सम्मान

कार्यक्रम में सभी सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, पटका एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समारोह में उपस्थित सम्मानित अतिथियों को भी स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राजेंद्र दुबे खजूरी ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभाओं, समाजजनों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

समारोह के उपरांत सभी उपस्थितजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद

पूरे कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, परिजनों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। प्रतिभाओं के सम्मान से समारोह का वातावरण उत्साह और गौरव से भर गया।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन महेंद्र उपाध्याय एवं मणिका शर्मा ने किया। समारोह ने समाज की प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ-साथ शिक्षा, सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया।

0Shares

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!