ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले चार नकबजनों को गिरफ्तार कर तीन थाना क्षेत्रों की नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, आईफोन और चोरी की मोटरसाइकिल सहित करीब 45 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। कार्रवाई थाना मुरार, ठाठीपुर और विश्वविद्यालय पुलिस ने की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में लंबित चोरी और नकबजनी के मामलों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मध्य/यातायात सुजावल जग्गा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूर्व डॉ. शिवेश सिंह बघेल, सीएसपी विश्वविद्यालय रवि भदौरिया और सीएसपी मुरार संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में तीनों थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
मुरार पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा ।

थाना मुरार पुलिस को 13 सितंबर को सूचना मिली थी कि चोरी के मामले में संदिग्ध नदी संतर के पास बैठे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सोनू उर्फ सोना जाटव और सूरज जाटव को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी बंटू के साथ 25-26 अगस्त की रात सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस बंटू की तलाश कर रही है।
मुरार पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने की चूड़ियां, चेन, टॉप्स, अंगूठियां और अन्य आभूषण बरामद किए। बरामद माल की कीमत करीब 37 लाख रुपए बताई गई है।

ठाठीपुर में नेहरू कॉलोनी की चोरी का खुलासा
ठाठीपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अजय उर्फ चेला रजक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने नेहरू कॉलोनी के सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर खलीफा कॉलोनी स्थित किराये के मकान से एक जोड़ी सोने की झुमकी और आईफोन बरामद किया गया। इसके अलावा चोरी की होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी07-जेडटी-3341 भी बरामद की गई। बरामद माल की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।

विश्वविद्यालय पुलिस ने ससुराल से दबोचा
थाना विश्वविद्यालय पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे राहुल उर्फ हड्डी जाटव को मेहरा कॉलोनी स्थित उसकी ससुराल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर मकान से सोने के मांग टीका, झाले, टॉप्स, लेडीज अंगूठी और वेशर सहित करीब 6 लाख रुपए का माल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार तीनों थाना क्षेत्रों में आरोपियों ने सूने मकानों को निशाना बनाया था। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी: सोनू उर्फ सोना जाटव, सूरज जाटव, अजय उर्फ चेला रजक और राहुल उर्फ हड्डी जाटव।
कार्रवाई में थाना प्रभारी ठाठीपुर विपेन्द्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी मुरार मैना पटेल, थाना प्रभारी विश्वविद्यालय रविन्द्र सिंह सहित तीनों थानों की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
