कोलारस व जगतपुर में आधुनिक उप-डाकघरों का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिली बहुआयामी सेवाओं की सौगात

0 minutes, 1 second Read
0Shares

कोलारस। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को शिवपुरी जिले के कोलारस और जगतपुर में दो आधुनिक उप-डाकघरों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज का डाकघर केवल पत्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह ग्रामीण भारत की डिजिटल, आर्थिक और सेवा आधारित रीढ़ बन चुका है। अब पासपोर्ट से लेकर बैंकिंग तक की सेवाएं एक ही छत के नीचे डाकघर में उपलब्ध हैं।

सिंधिया ने कहा कि यदि आज पासपोर्ट बन रहा है तो वह डाकघर के माध्यम से बन रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वह दौर नहीं है जब आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युग है, जहां सरकार स्वयं नागरिक के द्वार तक सेवाएं पहुंचा रही है।

ग्रामीण अंचल को करीब 14 लाख रुपये की विकास सौगात
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने 12.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित कोलारस उप-डाकघर तथा 1.37 लाख रुपये की लागत से बने जगतपुर उप-डाकघर को जनता को समर्पित किया। उन्होंने इसे ‘अंत्योदय’ के संकल्प का सशक्त उदाहरण बताते हुए कहा कि इन उप-डाकघरों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग, बीमा, पेंशन और सरकारी योजनाओं की सुविधाएं पहुंचेंगी।

उन्होंने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से डाकघर गांवों का भरोसेमंद बैंक बन चुका है, जहां बैंकिंग, बचत, बीमा, कुरियर और विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं।

सुकन्या समृद्धि से पासपोर्ट सेवा तक भरोसे का केंद्र बना डाकघर
सिंधिया ने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना ने हजारों बेटियों को संबल दिया है और आने वाले एक वर्ष में 15 से 20 हजार नए खाते खोलने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गुना में स्थापित पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) से क्षेत्र के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जुड़ने का मार्ग मिला है। शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में डाकघर अब आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनते जा रहे हैं।

डाक सेवाओं से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगी बदरवास की जैकेट्स
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘नया भारत’ अब जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बदरवास जैकेट फैक्ट्री में बना उत्पाद अब डाक विभाग की सेवाओं के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचेगा, जिससे स्थानीय रोजगार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने शिवपुरी को मध्यप्रदेश का सबसे प्रगतिशील जिला बनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, पोस्ट मास्टर विनीत माथुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

0Shares

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!