गौवंश का जमीन कब्जाने में हो रहा उपयोग, 25 गाय बांधी पत्थर पर, 4 गाय मृत, 2 गंभीर

0 minutes, 2 seconds Read
0Shares

◆फसलों को बचाने या सरकारी जमीन पर कब्जा करने के फेर में कई दिनों तक बांधा गौवंश, पुलिस ने दर्ज किया मामला

करैरा। गौवंश पर राजनीति तो लंबे समय से हो रही है, लेकिन धरातल पर वो तड़प-तड़प कर दम तोड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला बुधवार को दिनारा के ग्राम सेबंडीखुर्द के राजापाट पर सामने आया, जहां कई गाय भूखी प्यासी बंधी मिलीं तो 4 गायों के शव मिले। सूचना मिलने पर पहुंची दिनारा पुलिस ने उसी गांव के दयानंद यादव के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। 

दिनारा निवासी संतोष सांवला ने आज राजापाट पर पहुंचकर देखा, तो वहां कई छोटे-बडी गाय रस्सी से बंधी हुई थीं। कहीं रस्सी पत्थर से दबी थी तो कहीं पास के पेड़ से बंधी थी। इसमें सबसे दर्दनाक नजारा वो था, जब कुछ गायों के कंकाल तथा मूंछ मृत गायों के गले में भी रस्सी बंधी मिलीं। जिस जगह पर इन गायों को बांधा गया था, वो लगभग 6 बीघा शासकीय जमीन है।  

इसमें पहली संभावना यह थी कि किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने की वजह से गौवंश को एक जगह पर बांध दिया गया होगा। लेकिन ऐसा अमूमन होता नहीं है। जबकि दूसरी आशंका यह जताई जा रही है कि इस सरकारी जमीन पर कुछ स्थानीय लोग कब्जा करना चाहते हैं, जिसके चलते उन्होंने वहां पर अलग अलग जगह गौवंश को बांध दिया था। उनका मानना यह रहा होगा कि मवेशियों को बांधने के बाद उक्त जमीन पर धीरे धीरे कब्जा कर लेंगे। लेकिन उनका यह लालच कई मूक पशुओं की मौत का सबब बन गया। मौके पर पहुंची दिनारा पुलिस ने सभी मवेशियों को रस्सी से मुक्त कराया। साथ ही पूछताछ में कुछ नाम सामने आए हैं, जिनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। 

गौवंश पर हो रही सिर्फ राजनीति

गौवंश पर अभी तक सिर्फ राजनीति हुई है। पिछले माह कंप्यूटर बाबा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि यदि गौमाता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा नहीं मिला तो हम प्रदेश भर से गायों को इकठ्ठा करके भोपाल में मुख्यमंत्री के बंगले में पहुंचाएंगे। पिछले दिनों शिवपुरी आए कथावाचक पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने भी गौमाता को राष्ट्रीय पशु बनाए जाने की बात कही थी। यानि गौमाता केवल राजनीतिक मोहरा बनकर रह गई है।

दयानंद पर मामला दर्ज

दिनारा टीआई रामेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम सेवंडी का हेन वाला दयानंद पुत्र प्रताप यादव ने खेतों के बीच पठार पर झोपड़ी बनाकर रहने लगा था, तथा उसके चारों तरफ लगभग 25 गौवंश बांध लिया था। जिसमें से 4 गाय भूखी- प्यासी मृत हो गई, 2 गंभीर हैं, जिन्हें  पशु अस्पताल भेजा। दयानंद के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।

0Shares

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!