शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम मनपुरा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां नहाने गई 65 वर्षीय मुन्नी नामदेव पत्नी कोमल नामदेव की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सुबह नहाने के लिए निकली महिला जब काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए और उन्हें खोजते हुए देवी सागर तालाब पहुंचे।

तालाब किनारे बने घाट पर महिला के कपड़े रखे मिले, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इस पर परिजनों और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी सफलता नहीं मिली। कुछ देर बाद अचानक महिला का शव पानी की सतह पर तैरकर ऊपर आ गया, जिसे देखकर परिजन रोने-बिलखने लगे।
सूचना मिलते ही भौंती पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
