◆शिवपुरी पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
◆आरोपी संदीप सिंह गिरफ्तार, यूपी–नेपाल कनेक्शन
शिवपुरी। जिले की थाना देहात पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 06 करोड़ 21 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की 30 किलो 295 ग्राम चरस बरामद कर आरोपी संदीप सिंह सिख (38), निवासी रमतला, कोलारस को गिरफ्तार किया है। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं – आरोपी की तस्करी की डोर नेपाल तक जुड़ी थी।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
एसपी अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि 04 सितम्बर को थाना प्रभारी देहात निरीक्षक जितेन्द्र मावई को सूचना मिली थी कि मझेरा गाँव कोटा–झाँसी फोर लेन पर एक युवक चरस बेचने के फिराक में है। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी संदीप सिंह को पकड़ा। उसके पास से दो बैगों में भरी 60 पैकेट चरस कुल वजन 30 किलो 295 ग्राम और न्यू किओ कार जब्त की गई। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 06 करोड़ 21 लाख 60 हजार रुपये आँकी गई है।
बता दे संदीप सिंह के माता-पिता मूलतः पंजाब के रहने वाले हैं, जो कई साल पहले कोलारस आकर बस गए थे। यहाँ उन्होंने करीब 10 बीघा जमीन खरीदकर खेतीबाड़ी शुरू की। संदीप सिंह दो भाइयों में से एक है।
नेपाल से जुड़ा नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संदीप सिंह की मुलाकात लखनऊ निवासी मोहन ठाकुर से हुई थी, जो टमाटर का व्यापारी है और नेपाल तक ट्रक लेकर जाता था। इन्हीं ट्रकों के जरिए मोहन नेपाल से चरस की खेप लाता और संदीप सिंह उसे शिवपुरी में छोटे हिस्सों में सप्लाई करता।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
संदीप सिंह पहले भी कई मामलों में पकड़ा जा चुका है।
थाना कैन्ट, गुना – 650 ग्राम अफीम और नगदी सहित पकड़ा गया (धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट)
थाना कोलारस, शिवपुरी – कई अपराध दर्ज (294, 324, 336, 341, 447, 506, 34 भादवि / आबकारी एक्ट / एनडीपीएस एक्ट)
गौरतलब है कि पिछले वर्ष कोलारस पुलिस ने आरोपी से 03 करोड़ 49 लाख रुपये की 17 किलो चरस भी बरामद की थी।
एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कहा कि आरोपी पर अचानक पैसा आया और उसने प्रॉपर्टी खड़ी कर ली। पुलिस अब उसकी संपत्तियों की जांच भी करेगी
2025 में अब तक पुलिस की बड़ी उपलब्धियाँ
एसपी राठौड़ के नेतृत्व में शिवपुरी पुलिस ने इस साल अब तक –
30 किलो 295 ग्राम चरस – 06 करोड़ 21 लाख रुपये
1294.85 ग्राम स्मैक – 02 करोड़ 29 लाख रुपये
903 किलो 865 ग्राम गांजा – 01 करोड़ 05 लाख रुपये
955 ग्राम अफीम – 01 लाख 45 हजार रुपये
12 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा – 63 हजार रुपये
37348 लीटर शराब – 96 लाख 61 हजार रुपये
कुल मिलाकर वर्ष 2025 में अब तक 10 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
