◆कल मंगलवार को महामंडलेश्वर स्वामी अनिरुद्ध वन जी महाराज की पदयात्रा का गुना में होगा भव्य स्वागत
करैरा। धूमेश्वर धाम (भितरवार) के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 अनिरुद्धवन जी महाराज के नेतृत्व में 12 मार्च 2026 से 460 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक पदयात्रा निकाली जा रही है। इस पदयात्रा में अनेक साधु-संत, महंत सहित सैकड़ों श्रद्धालु सहभागी बनकर प्रतिदिन पदयात्रा कर रहे हैं। राष्ट्रवाद, विश्व शांति और जनकल्याण के संदेश के साथ यह यात्रा कोलारस, गुना और ब्यावरा होते हुए 24 मार्च को उज्जैन स्थित

महाकाल मंदिर पहुंचेगी, जहां बाबा महाकाल का पूजन-अभिषेक एवं भस्म आरती कर विश्व शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की जाएगी।
इसी क्रम में यह पदयात्रा 15 मार्च 2026 को गुना जिले में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा का नगर आगमन आज मंगलवार 17 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे बिलोनिया, नानाखेड़ी हनुमान चौराहा होते हुए जयस्तंभ चौराहे से मानस भवन पहुंचेगा, जहां संत मंडल के विश्राम एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।

इससे पूर्व पूज्य महाराज दोपहर 12 बजे पुराना बस स्टैंड स्थित श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में भगवान पशुपतिनाथ का पूजन-अभिषेक करेंगे। इसके पश्चात मंदिर परिवार द्वारा पूज्य महाराज जी का स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान किया जाएगा।

शहरवासियों से इस पावन अवसर पर अनुरोध किया गया है कि वे स्थान-स्थान पर महाराज श्री का सामर्थ्यानुसार स्वागत करें तथा अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत का आशीर्वाद प्राप्त करें।
