करेरा। झंडा गांव निवासी शिवम केवट ने 3 साल बाद रिंग में वापसी जिसने पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है शिवम ने असम के गुवाहाटी में आयोजित नेशनल MMA चैंपियनशिप में नगालैंड के प्रतिद्वंदी प्रियम कलिता को तीसरे राउंड में धराशायी कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और करेरा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

शिवम ने 5 साल पहले कोच बलवीर रावत की अकादमी वीरा फाइट क्लब से MMA की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में कई फाइट्स जीतते हुए उन्होंने स्टेट किक बॉक्सिंग में सिल्वर मेडल भी हासिल किया।
लेकिन जिंदगी ने अचानक कठिन मोड़ ले लिया…
ग्रेजुएशन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। पिता पहले से अस्थमा के मरीज थे। घर की जिम्मेदारियां बढ़ीं, भाई को पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। शिवम का सपना था दिल्ली जाकर UPSC की तैयारी करना, लेकिन हालातों ने पढ़ाई और खेल — दोनों पर विराम लगा दिया।

पर असली फाइट तो यहीं से शुरू हुई ,शिवम ने हार नहीं मानी। अपने दोस्त सुदामा सेन के साथ खेतों में ही सेल्फ-प्रैक्टिस शुरू की। परिवार को संभालने के लिए खेत के पास दुकान खोली और देसी मुर्गा फार्म शुरू किया।

तीन साल तक संघर्ष, मेहनत और जिम्मेदारियों का दौर चलता रहा।फिर धीरज रावत और करेरा के विधायक रमेश प्रसाद खटीक जी के सहयोग और आशीर्वाद से शिवम को दोबारा अपने सपनों की उड़ान भरने का अवसर मिला।

उन्होंने बिना देर किए अपना फार्म और दुकान बंद की और गुवाहाटी जाकर भारत की टॉप MMA एकेडमी में कड़ी ट्रेनिंग शुरू की।
सिर्फ एक महीने की कठिन तपस्या के बाद नेशनल केज कॉम्बैट 33 नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लिया — और गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
