करेरा। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी करेरा में एफएलएन कार्यशाला के दौरान शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों में भाषा एवं गणितीय कौशल को सुदृढ़ करने हेतु किए गए विभिन्न नवाचारों एवं गतिविधियों को साझा किया गया। भाषा विकास के अंतर्गत कहानी वाचन, चित्र आधारित वार्तालाप, अक्षर पहचान एवं शब्द निर्माण से संबंधित खेलों का प्रदर्शन किया गया। वहीं संख्यात्मक दक्षता के विकास हेतु गिनती, संख्या पहचान तथा वस्तुओं के माध्यम से जोड़-घटाव की गतिविधियाँ कराई गईं।

शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाने के लिए चार्ट, फ्लैश कार्ड, वर्कशीट, खेल-आधारित टीएलएम के साथ-साथ स्थानीय एवं सरल शिक्षण सामग्री के उपयोग पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता को मजबूत करना रहा, जिसे सभी शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता के माध्यम से सफल बनाया।कार्यशाला का संचालन एफ़एलएन प्रभारी श्रीमती एकता यादव द्वारा किया गया। बैठक में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री अनिल कुमार के साथ-साथ सभी प्राथमिक शिक्षक उपस्थित रहे।
