खनियाधाना। थाना क्षेत्र के कचनवे कस्बे में दिनदहाड़े हुई लूट ने लोगों में दहशत फैला दी है। मुख्य बाजार स्थित पुलिस चौकी के पास शुक्रवार दोपहर एक महिला का मंगलसूत्र बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट लिया। वारदात चौकी से कुछ ही दूरी पर होने के बावजूद आरोपी पलक झपकते मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम बनोता निवासी अचला लोधी विवाह समारोह में शामिल होने खिरकिट जा रही थीं। इसी दौरान वह बस स्टैंड पर स्थित पुलिस चौकी के पास कुछ सामान लेने रुकीं। तभी बाइक पर आए दो युवक पास पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से करीब कीमती मंगलसूत्र छीन लिया। बदमाश धक्का देकर महिला को गिराते हुए तहसील रोड की ओर भाग निकले।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना से कस्बे में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
