करैरा। दिवस के उपलक्ष्य में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, आईटीबीपी करैरा में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें खाद्य सामग्री, खिलौने, हस्तनिर्मित वस्तुएँ तथा खेलकूद संबंधी सामग्री विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।मेले में असली मुद्रा को टोकन से बदलकर ही क्रय – विक्रय हुआ जिससे विद्यार्थियों ने मुद्रा विनिमय में अपनी समझ को परखा ।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही मनोरंजक एवं प्रेरणादायी वातावरण में क्रय-विक्रय का वास्तविक अनुभव प्रदान करना था, जिससे वे व्यवहारिक ज्ञान अर्जित करते हुए आनंदपूर्वक सीख सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य अशोक कुमार सारस्वत ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान विद्यालय परिसर मधुर संगीत की धुनों से गुंजायमान हो उठा, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव की छटा फैल गई। अपने संबोधन में प्राचार्य श्री सारस्वत ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, प्रबंधन कौशल तथा सामाजिक व्यवहार जैसे गुणों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली मंच संचालन रचनात्मक अधिगम गतिविधि प्रभारी सुश्री पूर्णिमा शर्मा द्वारा किया गया। मेले को सफल बनाने में प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री अनिल कुमार, श्री दानसिंह कारपेंटर, श्री मोहित यादव, सुश्री एकता यादव, सुश्री निकिता पाल, श्री अभिषेक प्रताप सिंह, श्री शाह आलम, श्री अनुज सिंह, श्री देवार्चन मिश्रा, श्री राहुल, श्रीमती एकता सोनी और श्रीमती पूनम शर्मा का विशेष योगदान रहा।
बाल मेले के दौरान पूरे विद्यालय में उत्सव का उल्लास छाया रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण सहभागिता करते हुए इस विशेष दिवस को हर्ष, उमंग और आनंद के साथ अविस्मरणीय बना दिया।
