मध्यप्रदेश का 70वां स्थापना दिवस शिवपुरी में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया

0 minutes, 0 seconds Read
0Shares



मानस भवन में हुआ जिला स्तरीय समारोह, वर्चुअल रूप से जुड़े ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के गौरवशाली 70वें स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह मानस भवन शिवपुरी में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर रघुवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सरस्वती वंदना और मध्य प्रदेश गान ने समारोह में सांस्कृतिक वातावरण निर्मित किया।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश ने 70 वर्षों की विकास यात्रा में अनेक चुनौतियों का सामना कर सशक्त, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में नई पहचान बनाई है। उन्होंने इस अवसर को प्रदेशवासियों के लिए गौरव और संकल्प का दिन बताया। श्री तोमर ने प्रदेश की गौरवपूर्ण विरासत, संस्कृति और उपलब्धियों को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जोड़ा।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजू बाथम ने कहा कि आज मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस है और हर वर्ष इसी प्रकार हम स्थापना दिवस पर एकत्रित होते हैं और स्थापना दिवस मनाते हैं। मध्‍यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में अच्‍छा कार्य कर रहा है, इसका उदाहरण है केंद्र सरकार द्वारा कृषि के क्षेत्र में सर्वोत्तम पुरस्कार प्रदान करना।
भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि मध्यप्रदेश ऊर्जा, शिक्षा, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। मध्य प्रदेश काे विकसित बनाने का जो संकल्प हमारे महान नेताओं ने लिया है, उसे युवा, किसान और नौजवान की सहायता से मेहनत करके पूरा करना है।


जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा कि प्रदेश शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शुमार हो गया है। उन्होंने युवाओं से प्रदेश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा किसानों, युवाओं, महिलाओं के हित में नई-नई योजनाएं संचालित की जा रही है। जनपद शिवपुरी अध्यक्ष हेमलता रावत द्वारा भी सभी को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि 1956 में मध्यप्रदेश की स्थापना हुई। प्रदेश विकास की ओर अग्रसर है। मैं सभी युवाओं से आग्रह करती हूं की खूब पढ़ो-खूब बढ़ो। नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव प्रदेश में बड़े-बड़े उद्योग ला रहे हैं, जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे। भविष्य में इसी तरह मध्य प्रदेश आगे बढ़ता जाए और ढेर सारी उपलब्धियां हासिल करें। 

अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मानित, हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा आईगोट कर्मयोगी प्लेटफार्म पर सर्वाधिक कोर्स पूर्ण करने वाले जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
स्थापना दिवस के अवसर पर जनसंपर्क विभाग शिवपुरी द्वारा मानस भवन परिसर में एक आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की विकास यात्रा, सुशासन के प्रयास, जनकल्याणकारी योजनाएं, जनजातीय गौरव, नारी सशक्तिकरण, पर्यटन, निवेश, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्धियों का जीवंत चित्रण किया गया। मुख्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनसंपर्क विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।

0Shares

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!