शिवपुरी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटे के भीतर चोरों ने शहर के फिजिकल थाना, कोतवाली थाना, बदरवास थाना, और देहात थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की चार वारदातों को अंजाम दिया है। सभी मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, दो घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं जिनमें चार संदिग्ध युवक वारदात करते नजर आ रहे हैं।

पुरानी बाइक छोड़, महंगी बाइक चुरा ले गए चोर –
फिजिकल थाना क्षेत्र के न्यू द्वारकापुरी में रहने वाले राहुल कुशवाह निवासी विवेकानंद कॉलोनी ने बताया कि उनकी बाइक उनके मौसा के घर पोश के अंदर खड़ी थी। जब वे सुबह उठे तो बाइक गायब थी। सीसीटीवी में देखा गया कि दो बाइक पर सवार चार चोर आए थे, जिन्होंने उनकी बाइक चोरी कर ली और अपनी पुरानी बाइक मौके पर ही छोड़ गए।

अस्पताल के बाहर से भी उड़ा ले गए बाइक –
वहीं, करेरा तहसील के सेपरा गांव निवासी पुष्पेंद्र लोधी ने बताया कि वह 26 अक्टूबर की शाम अपने साडू के पिता को देखने के लिए शहर के सिद्धि विनायक हॉस्पिटल आए थे। अस्पताल के बाहर खड़ी उनकी बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

बदरवास और देहात थाना क्षेत्र में भी वारदातें –
इसके अलावा बदरवास थाना क्षेत्र के सुमेला गांव निवासी राजकुमार कुशवाह की बाइक भी 26 अक्टूबर को अज्ञात चोरों ने चुरा ली। उन्होंने इसकी शिकायत बदरवास थाने में दर्ज कराई है।
वहीं, देहात थाना क्षेत्र के मुड़ेनी गांव के पास स्थित जियो पेट्रोल पंप के कर्मचारी संजय बाथम निवासी सेसई सड़क ने बताया कि उनकी बाइक 26 अक्टूबर की रात चोरी हो गई। इस संबंध में उन्होंने देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर और ग्रामीण इलाकों में लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
