करैरा। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर तले पत्रकार संघ करैरा ने नरवर तहसील के ग्राम पंचायत सिमरिया में एम के एन न्यूज़ चैनल के पत्रकार कमर खान के साथ हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्रकार कमर खान, निवासी वार्ड क्रमांक 11, मोमिनपुरा, नरवर, जिला शिवपुरी, को ग्राम पंचायत सिमरिया के प्रभारी सचिव निर्भय रावत और सरपंच उषा रावत के पुत्र शैलेंद्र रावत सहित अन्य लोगों द्वारा धमकाने और जबरन आवेदन लिखवाने का आरोप है। इस मामले में पत्रकार संघ ने


तहसीलदार कल्पना शर्मा को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और नाली निर्माण कार्यों की जांच की मांग की है। पत्रकार कमर खान शासन की योजनाओं में भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी प्राप्त करते हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत सिमरिया में नाली निर्माण कार्यों की जानकारी मांगने के लिए आरटीआई आवेदन दायर किया था और कई बार अपील भी की थी। 7 जुलाई को


प्रभारी सचिव निर्भय रावत ने कमर खान को फोन कर पंचायत कार्यालय बुलाया, लेकिन जानकारी नहीं दी और अगले दिन आने को कहा। 8 जुलाई को जब कमर खान पंचायत क्षेत्र में अकेले जा रहे थे, तभी निर्भय रावत, शैलेंद्र रावत और अन्य पांच लोगों ने उनका मोबाइल छीन लिया, जातिसूचक गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और जबरन झूठा आवेदन लिखवाया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि भविष्य में पंचायत की ओर देखा या जानकारी मांगी तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।


पत्रकार संघ ने ज्ञापन में मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच की जाए, जबरन लिखवाए गए आवेदन को निरस्त कर उसकी प्रति पत्रकार को दी जाए, और ग्राम पंचायत सिमरिया में पिछले चार वर्षों में हुए नाली निर्माण कार्यों की जांच कर भ्रष्टाचार का खुलासा किया जाए। साथ ही, पत्रकार कमर खान की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।


ज्ञापन सौंपने के दौरान पत्रकार संघ के संयुक्त सचिव हिर्देश पाठक, जिला उपाध्यक्ष सौरभ भार्गव, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह परमार, असलम खान, राहत खान, दुर्ग सिंह लोधी, हेमंत भार्गव, हरि साहू, गजेंद्र कुशवाह सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। तहसीलदार कल्पना शर्मा ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया ।
